🟠 हिन्दी शब्दसागरहिन्दी में अर्थ
बिजौर, बिजौरा संज्ञा पुं॰ [सं॰ बीजपूरक, प्रा॰ बिज्जऊरअ] नीबू की जाति का एक वृक्ष । विशेष—इसके पत्ते नीबू के पत्तों के समान, पर उससे बहुत अधिक बड़े होते हैं । इसके फूलों का रंग सफेद होता है और फल बड़ी नारंगी के बराबर होते हैं । यह दो प्रकार का होता है, एक खट्टे फलवाला और दूसरा मीठे फलवाला । फलों का छिलका बहुत मोटा होता है । वैद्यक में इसे खट्टा, गरम, कंठशोधक, तीक्ष्ण, हलका, दीपक, रुचिकारक, स्वादिष्ट और त्रिदोष, तृषा, खाँसी, हिचकी आदि को दूर करनेवाला माना है । इस वृक्ष की जड़, इसके फल और फलों के बीज तीनों औषध के काम आते हैं । पर्या॰—बीजपूर । मातुलुंग । रुचक । फलपूरक । अम्लकेशर । बीजपूर्ण । पूर्णबीज । सुकेश । बीजक । सुपूरा । बीजफलक । जंतुघ्न । पूरक । रोचनफल ।
स्रोत: हिन्दी शब्दसागर — नागरी प्रचारिणी सभा, काशी (1916–1928; सं. श्यामसुन्दरदास आदि)। सार्वजनिक (मुक्त) कृति। डिजिटल पाठ: indic-dict (sanskrit-coders) परियोजना — OCR से बना होने के कारण कहीं-कहीं वर्तनी-दोष सम्भव।