🟠 हिन्दी शब्दसागरहिन्दी में अर्थ
मलगिरी १ संज्ञा पुं॰ [हिं॰ मलयागिरि] एक प्रकार का हल्का कत्थई रंग । विशेष—यह रंग रँगने के लिये कपड़ा पहले हड़ के हलके काढ़े में और फिर कसीस के पानी में डुबोते है; और फिर उसे एक रंग में जिसमें कत्था, चूना, मेंहदी की पत्ती और चंदन का चूरा पीसकर घोला रहता है और छैलछबीला, नागरमोथा, कपूर- कचरी, नख, पाँजर, बिरमी, सुंगधबाला, सुगंध कोकल, बालछड़, जरांकुश, बुढ़ना, सुगंधमैत्री, लौंग, इलायची, केशर और कस्तूरी का चूर्ण मिला रहता है, डालकर पहर भर उबालते हैं और उतारने पर उसे दिन रात उसी में पड़ा रहने देते हैं । दूसरे दिन कपड़े को उसमें से निकालकर निचोड़ लेते हैं और बर्तन के रंग को छानकर उसमें हिना का इत्र मिलाकर उसमें फिर उस कपड़े को डुबाकर सुखाते हैं । पर आजकल प्रायः रँगरेज मलगिरि रंग रँगने में कपड़े को कत्थे और चूने के रंग में रँगते हैं; फिर उसे कसीस के पानी में डुबा देते हैं इसके बाद रँगे हुए कपड़े को आहार देकर निचोड़ते और सुखाते हैं और अंत में उसपर हिना का इत्र मल देते हैं ।
स्रोत: हिन्दी शब्दसागर — नागरी प्रचारिणी सभा, काशी (1916–1928; सं. श्यामसुन्दरदास आदि)। सार्वजनिक (मुक्त) कृति। डिजिटल पाठ: indic-dict (sanskrit-coders) परियोजना — OCR से बना होने के कारण कहीं-कहीं वर्तनी-दोष सम्भव।