🕉️ 20 November 2026, Friday · 11:17:41 AM · CDSHARMA.IN

📚 उमा संस्कृत-हिन्दी महाशब्दकोश

अर्थ · व्याकरण · व्युत्पत्ति · पर्याय · समास · शास्त्रीय उद्धरण — पाँच प्रामाणिक कोश व अमरकोश एक साथ

279,511 शीर्ष-शब्द · 452,554 कोश-प्रविष्टियाँ

सूरदास
sūradāsa
🟠 शब्दसागर🔵 मोनियर-विलियम्स
🟠 हिन्दी शब्दसागरहिन्दी में अर्थ
सूरदास संज्ञा पुं॰ [सं॰] उत्तर भारत के प्रसिद्ध कृष्णभक्त महाकवि और महात्मा जो अंधे थे । विशेष—ये हिंदी भाषा के दो सर्वश्रेष्ठ कवियों में से एक हैं । जिस प्रकार रामचरित का गान कर गोस्वामी तुलसीदास जी अमर हुए हैं, उसी प्रकार श्रीकृष्ण की लीला कई सहस्र पदों में गाकर सूरदास जी भी । ये अकबर के काल में वर्त्तमान थे । ऐसा प्रसिद्ध है कि बादशाह अकबर ने इन्हें अपने दरबार में फतहपुर सीकरी में बुलाया, पर ये न आए । इन्होंने यह पद कहा 'मोको कहा सीकरी सों काम' । इसपर तानसेन के साथ अकबर स्वयं इनके दर्शन को मथुरा गया । इनका जन्म संवत् १५४० के लगभग ठहरता है । ये वल्लभाचार्य की शिष्यपरंपरा में थे और उनकी स्तुति इन्होंने कई पदों में की है जैसे,—'भरोसो दृढ़ इन चरनन केरो । श्रीवल्लभ नखचंद्र छटा बिनु हो हिय माँझ अँधेरो' । इनकी गणना 'अष्टछाप' अर्थात् ब्रज के आठ महाकवियों और भक्तों में थी । अष्टछाप में ये कवि गिने गए हैं—कुंभनदास, परमानंददास, कृष्णदास, छीतस्वामी, गोविंद स्वामी, चतुर्भुजदास, नंददास और सूरदास । इनमें से प्रथम चार कवि तो वल्लभाचार्य जी के शिष्य थे और शेष सूरदास आदि चार कवि उनके पुत्र विट्ठलनाथ जी के । अपने अष्टछाप में होने का उल्लेख सूरदास जी स्वयं करते हैं । यथा—'थापि गोसाईं करी मेरी आठ मध्ये छाप' । विट्ठलनाथ के पुत्र गोकुलनाथ जी ने अपनी 'चौरासी वैष्णवों की वार्ता' में सूरदास जी को सारस्वत ब्राह्मण लिखा है और उनके पिता का नाम 'रामदास' बताया है । सूरसारावली में एक पद में इनके वंश का जो परिचय है, उसके अनुसार ये महाकवि चंद बरदाई के वंशज थे और सात भाई थे । पर उक्त पद के असली होने में कुछ लोग संदेह करते हैं । इनका जन्मस्थान भी अनिश्चित है । कुछ लोग इनका जन्म दिल्ली के पास 'सीही' गाँव में बतलाते हैं । जनश्रुति इन्हें जन्मांध कहती है, पर ये जन्मांध न थे । ऐसी भी किंवदंती है कि किसी परस्त्री के सौंदर्य पर मोहित हो जाने पर इन्होंने नेत्रों का दोष समझ उन्हें फोड़ डाला था । भक्तमाल में लिखा है कि आठ वर्ष की अवस्था में इनका यज्ञोपवीत हुआ और ये एक बार अपने माता पिता के साथ मथुरा गए । वहाँ से वे घर लौटकर न आए; कहा कि यहीं कृष्ण की शरण में रहूँगा । 'चौरासी वैष्णवों की वार्ता' के अनुसार ये गऊघाट में रहते थे जो आगरा और मथुरा के बीच में है । यहीं पर ये विट्ठलनाथ जी के शिष्य हुए और इन्हीं के साथ गोकुलस्थ श्रीनाथ जी के मंदिर में बहुत काल तक रहे । इसी मंदिर में रहकर ये पद बनाया करते थे । यों तो पद बनाने का इनका नित्य नियम था; पर मंदिर के उत्सवों पर उसी लीला के संबंध में बहुत सा पद बनाकर गाया करते थे । ऐसा प्रसिद्ध है कि ये एक बार कुएँ में गिर पड़े और छह दिन तक उसी में पड़े रहे । सातवें दिन स्वयं भगवान् श्रीकृष्ण ने हाथ पकड़कर इन्हें निकाला । निकलने पर इन्होंने यह दोहा पढ़ा—'बाँह छुड़ाए जात हौ निबल जानि कै मोहिं । हिरदै सों जब जायहौ मरद बदौंगो तोहिं ।' इसमें संदेह नहीं कि ब्रजभाषा के ये सर्वश्रेष्ठ कवि हैं, क्योंकि इन्होंने केवल ब्रजभाषा में ही कविता की है, अवधी में नहीं । गोस्वामी तुलसीदास जी का दोनों भाषाओं पर समान अधिकार था और उन्होंने जीवन की नाना परिस्थितियों पर रसपूर्ण कविता की है । सूरदास में केवल श्रृंगार और वात्सल्य की पराकाष्ठा है । संवत् १६०७ के पूर्व इनका सूरसागर समाप्त हो गया था; क्योंकि उसके पीछे इन्होंने जो 'साहित्य लहरी' लिखी है, उसमें संवत् १६०७ दिया हुआ है ।
स्रोत: हिन्दी शब्दसागर — नागरी प्रचारिणी सभा, काशी (1916–1928; सं. श्यामसुन्दरदास आदि)। सार्वजनिक (मुक्त) कृति। डिजिटल पाठ: indic-dict (sanskrit-coders) परियोजना — OCR से बना होने के कारण कहीं-कहीं वर्तनी-दोष सम्भव।
🔵 मोनियर-विलियम्स संस्कृत-अंग्रेज़ी कोशअंग्रेज़ी में अर्थ
सूर—दास m. N. of a Commentator on Hari-vaṃśa.
📄 मूल मुद्रित पृष्ठ (1243,1)
स्रोत: Monier-Williams, A Sanskrit-English Dictionary (1899). डिजिटल संस्करण: Cologne Digital Sanskrit Dictionaries, University of Cologne — CC BY-NC-SA।
स्रोत व श्रेय:
  • हिन्दी शब्दसागर — नागरी प्रचारिणी सभा, काशी (1916–1928; सं. श्यामसुन्दरदास आदि)। सार्वजनिक (मुक्त) कृति। डिजिटल पाठ: indic-dict (sanskrit-coders) परियोजना — OCR से बना होने के कारण कहीं-कहीं वर्तनी-दोष सम्भव।
  • Monier-Williams, A Sanskrit-English Dictionary (1899). डिजिटल संस्करण: Cologne Digital Sanskrit Dictionaries, University of Cologne — CC BY-NC-SA।
  • V. S. Apte, The Practical Sanskrit-English Dictionary (1890). डिजिटल संस्करण © The Sanskrit Library & Thomas Malten / Cologne Digital Sanskrit Dictionaries — CC BY-NC-SA 3.0।
  • तारानाथ तर्कवाचस्पति, वाचस्पत्यम् (1873–1884). डिजिटल संस्करण: Cologne Digital Sanskrit Dictionaries — CC BY-NC-SA।
  • राधाकान्तदेव, शब्दकल्पद्रुम (1822–1858). डिजिटल संस्करण: Cologne Digital Sanskrit Dictionaries — CC BY-NC-SA।

Cologne Digital Sanskrit Dictionaries के डिजिटल पाठ CC BY-NC-SA लाइसेंस के अनुसार निःशुल्क, गैर-व्यावसायिक उपयोग हेतु श्रेय सहित प्रस्तुत हैं। यह शब्दकोश-सेवा पूर्णतः निःशुल्क है। पुराने मुद्रित ग्रन्थों के डिजिटल पाठ में कहीं-कहीं टंकण/OCR दोष सम्भव हैं — सन्देह होने पर "📄 मूल मुद्रित पृष्ठ" देखें।

💬 ज्योतिषीय प्रश्न पूछें