फिराना
क्रि॰ स॰ [हिं॰ फिरना]
१. इधर उधर चलाना । कभी इस ओर कभी उस ओर ले जाना । इधर उधर डुलाना । ऐसा चलाना कि कोई एक निश्चित्त दिशा न रहे ।
२. टह- लाना । सैर कराना । जैसे,—जाओ, इसे बाहर फिरा लाओ ।
३. चक्कर देना । बार बार फेरे खिलाना । लट्टू की तरह एक ही स्थान पर घुमाना अथवा मंडल या परिधि के किनारे घूमाना । नचाना या परिक्रमण कराना । जैसे, लट्टू फिराना, मंदिर के चारों ओर फिराना ।
उ॰—(क) फिरै लाग बोहित तहँ आई । जस कुम्हार धरि चाक फिराई ।— जायसी (शब्द॰) । (ख) हस्ति पाँच जो आगे आए । ते अंगद धरि सूँड़ फिराए ।—जायसी (शब्द॰) । संयो॰
क्रि॰—डालना ।—देना ।—लेना ।
४. ऐंठना । मरोड़ना । जैसे,—ताली उधर को फिराओ ।
उ॰— मद गजराज द्वार पर ठाढ़ो हरि कह्यो नेकु बचाय । उन नहिं मान्यो संमुख आयो पकरयो पूँछ फिराय ।—सूर (शब्द॰) ।
५. लौटाना । पलटाना ।
उ॰—तुम नारायण भक्त कहावत । काहे को तुम मोहिं फिरावत ।—सूर (शब्द॰) ।
६. एक ही स्थान पर रखकर स्थिति बदलना । सामना एक ओर से दूसरी ओर करना । दे॰
फेरना ।
उ॰—मुख फिराय मन अपने रीसा । चलत न तिरिया कर मुख दीसा ।—जायसी (शब्द॰) । संयो॰
क्रि॰—देना ।—लेना ।
७. किसी ओर जाते हुए को दूसरी ओर चला देना । घुमाना । दे॰
फेरना ।
८. और का और करना । परिवर्तन करना । बदल देना । दे॰
फेरना ।
९. बात पर दृढ़ न रहने देना । विचलित करना । दे॰
फेरना ।
स्रोत: हिन्दी शब्दसागर — नागरी प्रचारिणी सभा, काशी (1916–1928; सं. श्यामसुन्दरदास आदि)। सार्वजनिक (मुक्त) कृति। डिजिटल पाठ: indic-dict (sanskrit-coders) परियोजना — OCR से बना होने के कारण कहीं-कहीं वर्तनी-दोष सम्भव।